01-Jul-2025

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस

विविध

चर्चा में क्यों? 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी डॉक्टरों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मज़बूत करने में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। 

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के बारे में 

  • भारत में डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों की महत्त्वपूर्ण भूमिका का सम्मान करने के लिये 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है। 
  • वर्ष 2025 का विषय "बिहाइंड द मास्क: हू हील्स द हीलर्स?" है।
  • यह दिवस पहली बार जुलाई 1991 में भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) द्वारा मनाया गया था। IMA आधुनिक चिकित्सा के डॉक्टरों की एक स्वैच्छिक संस्था है, जिसकी स्थापना वर्ष 1928 में हुई थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। 
  • यह भारत के सबसे सम्मानित चिकित्सकों में से एक डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। 

डॉ. बिधान चंद्र रॉय 

  • डॉ. बिधान चंद्र रॉय, जिनका जन्म वर्ष 1882 में पटना (बंगाल प्रेसीडेंसी, ब्रिटिश भारत) में हुआ था, एक प्रतिष्ठित चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और राजनीतिज्ञ थे तथा ब्रह्म समाज के अनुयायी थे। 
  • उन्होंने बंगाल में सविनय अवज्ञा आंदोलन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई और महात्मा गांधी के निजी चिकित्सक के रूप में कार्य किया। बाद में वे पश्चिम बंगाल के दूसरे मुख्यमंत्री बने। 
  • उन्होंने पश्चिम बंगाल में पाँच प्रमुख शहरों की स्थापना में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई: दुर्गापुर, कल्याणी, बिधाननगर, अशोकनगर और हावड़ा। 
  • ब्रिटिश मेडिकल जर्नल ने उन्हें भारतीय उपमहाद्वीप के प्रथम चिकित्सा परामर्शदाता के रूप में सम्मानित किया, जिन्होंने कई क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त की।
  • उन्हें वर्ष 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उनकी विरासत ‘बीसी रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार’ के रूप में जीवित है, जिसकी स्थापना वर्ष 1976 में चिकित्सा, राजनीति, विज्ञान, दर्शन, साहित्य और कला के क्षेत्र में उत्कृष्टता को सम्मानित करने के लिये की गई थी।

भारतीय चिकित्सा संघ (IMA) 

  • भूमिका और प्रतिनिधित्व: IMA आधुनिक वैज्ञानिक चिकित्सा प्रणाली के चिकित्सकों का प्रतिनिधित्व करने वाला एकमात्र राष्ट्रीय स्वैच्छिक संगठन है। इसका उद्देश्य चिकित्सकों के कल्याण और जनस्वास्थ्य के संवर्द्धन के लिये कार्य करना है।
  • स्थापना: इसका गठन वर्ष 1928 में कोलकाता में आयोजित पाँचवें अखिल भारतीय चिकित्सा सम्मेलन के दौरान किया गया था। यह उन अग्रणी नेताओं की दूरदृष्टि का परिणाम था, जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र के लिये एक राष्ट्रीय संस्था की आवश्यकता को अनुभव किया।
  • योगदान: वर्ष 1946 में IMA ने वर्ल्ड मेडिकल एसोसिएशन (WMA) की स्थापना में सहयोग किया तथा इसका संस्थापक सदस्य बना।
  • मुख्यालय: IMA का मुख्यालय दिल्ली में स्थित है। 

MCQ के माध्यम से तैयारी 

प्रश्न. राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 2025 का विषय है: 

(1) देखभाल करने वाले हाथ, दिलों को ठीक करने वाले 
(2) डॉक्टर: जीवनरक्षक 
(3) बिहाइंड द मास्क: हू हील्स द हीलर्स? 
(4) चिकित्सा उत्कृष्टता का सम्मान 

उत्तर: (3) बिहाइंड द मास्क: हू हील्स द हीलर्स?