15-Jul-2025

ईएलवी ईंधन

पर्यावरण और पारिस्थितिकी

चर्चा में क्यों ? 

दिल्ली सरकार ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देश पर अंतिम जीवनचक्र वाहनों (ELVs) अर्थात् 15 साल से ज़्यादा पुरानी पेट्रोल कारों और 10 साल से ज़्यादा पुरानी डीज़ल कारों पर ईंधन प्रतिबंध हटा लिया है। यह प्रतिबंध व्यापक जन-आक्रोश, तकनीकी असफलताओं तथा राजनीतिक हस्तक्षेप के बाद हटाया गया है। 

ELVs (अंतिम जीवनचक्र वाहन) क्या हैं? 

ELV यानी End-of-Life Vehicle उन वाहनों को कहा जाता है जो आयु, घिसाव अथवा विनियामक प्रतिबंधों के कारण अब उपयोग योग्य नहीं रह जाते हैं।

भारत में, पर्यावरण नियमों के अंतर्गत: 

  • पेट्रोल चालित वाहन 15 वर्ष पूर्ण होने पर ELV घोषित किया जाता है।
  • डीज़ल चालित वाहन 10 वर्ष पूर्ण होने पर ELV माना जाता है।

ये सीमाएँ विशेष रूप से दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये लागू की गई हैं। 

"ELV ईंधन प्रतिबंध" का क्या अर्थ है?

ELV ईंधन प्रतिबंध से तात्पर्य सरकार के उस निर्देश से है जिसके तहत ऐसे पुराने वाहनों में पेट्रोल पंपों पर ईंधन भरवाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसका आशय है:

  • ELV वाहनों को पेट्रोल या डीज़ल नहीं बेचा जाएगा।
  • इसका उद्देश्य इन वाहनों के प्रयोग को हतोत्साहित करना और प्रदूषण में कमी लाना है। 

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के बारे में
 

CAQM एक वैधानिक निकाय है, जिसका गठन दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की समस्या के समाधान हेतु समन्वित कार्रवाई, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा प्रभावी नीतिगत हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।

यह निकाय 22 वर्षों से सक्रिय पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम एवं नियंत्रण) प्राधिकरण (EPCA) का स्थान लेता है।

CAQM की रूपरेखा में जन भागीदारी, अंतर-राज्यीय सहयोग, विशेषज्ञों की सहभागिता तथा सतत् अनुसंधान एवं नवाचार को एकीकृत और सुव्यवस्थित रूप से शामिल किया गया है।

MCQ के माध्यम से तैयारी 

प्रश्न. दिल्ली NCR में वायु गुणवत्ता प्रबंधन की देखरेख के लिये किस वैधानिक निकाय ने पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम और नियंत्रण) प्राधिकरण (EPCA) का स्थान लिया? 

(1) केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB)
(2) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT)
(3) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM)
(4) पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) 

उत्तर: (3) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM)