CUET में बेहतर स्कोर के लिये मजबूत एप्टीट्यूड ज़रूरी है। सिर्फ ₹100 में जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट ऑनलाइन कोर्स से अपनी तैयारी की शुरुआत करें।




 09-Sep-2023

09 सितंबर, 2023

करेंट अफेयर्स

गति शक्ति विश्वविद्यालय और एयरबस के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

  • भारतीय रेलवे का गति शक्ति विश्वविद्यालय (GSV) वडोदरा एवं  विमानन उद्योग में एक प्रमुख वैश्विक खिलाड़ी एयरबस हाल ही में भारतीय विमानन क्षेत्र को मज़बूत करने के उद्देश्य से एक रणनीतिक साझेदारी में शामिल हुए हैं।
  • एयरबस और गति शक्ति विश्वविद्यालय (GSV) वडोदरा ने गुरुवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये। इसका उद्देश्‍य सेक्टर की मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करना, नियमित विद्यार्थियों और पेशेवरों के लिए मिलकर पाठ्यक्रम एवं कार्यक्रम तैयार करना है। 
  • इस सहयोग को रेल भवन, नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर के माध्यम से औपचारिक रूप दिया गया।
  • यह भारत के विमानन क्षेत्र को सफलता के अभूतपूर्व स्तर तक बढ़ाने के लिये शिक्षा एवं उद्योग के बीच संबंधों को बढ़ावा देता है।

सलेम सागो को मिला जी. आई.  टैग

  • तमिलनाडु राज्य के सलेम ज़िले ने अपने साबूदाना उत्पादन के लिये जी. आई. टैग प्राप्त किया है।
  •  सलेम सागो, जिसे स्थानीय रूप से जाववारिसी के रूप में जाना जाता है, टैपिओका की जड़ों से निकाले गए गीले स्टार्च पाउडर से प्राप्त होता है। भारतीय टैपिओका की जड़ों में लगभग 30-35% स्टार्च सामग्री होती है।

भारत द्वारा ‘Hello UPI' और ‘Bharat BillPay Connect’' लॉन्च 

  • उपयोगकर्त्ता की सुविधा और पहुँच में सुधार के लिये नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में दो संवादात्मक भुगतान पहल शुरू की हैं।
  • ‘Hello UPI' और Bharat BillPay Connect’ नाम की ये पहल, प्राकृतिक भाषा इंटरैक्शन के माध्यम से सहज डिजिटल लेनदेन को सक्षम करने में प्रगति का प्रतिनिधित्व करती हैं।
  • ‘Hello UPI' उपयोगकर्त्ताओं को अपने स्मार्टफोन के साथ इंटरैक्टिव बातचीत के माध्यम से सहजता से भुगतान करने में सक्षम बनाता है।
  • 'Bharat BillPay Connect’ एलेक्सा जैसे लोकप्रिय वॉयस असिस्टेंट के साथ स्वाभाविक बातचीत के माध्यम से सहज बिल भुगतान की सुविधा प्रदान करता है।

G20 शिखर सम्मेलन स्थल पर विश्व की सबसे ऊँची नटराज प्रतिमा की स्थापना 

  • G20 शिखर सम्मेलन स्थल पर, वैश्विक नेताओं का स्वागत नटराज की 27 फुट ऊँची प्रतिमा से किया जाएगा, जिसमें भगवान शिव को उनके ब्रह्मांडीय नृत्य में दर्शाया जाएगा।
  • अष्टधातु नामक आठ मिश्र धातु से बनी इस भव्य मूर्ति का भार 18 टन है, जिसे दिल्ली की यात्रा के लिये 36 टायरों से सुसज्जित एक परिवहन ट्रेलर की आवश्यकता होगी।
  • इसे तमिलनाडु में तंजावुर जिले  के स्वामीमलाई के अत्यधिक कुशल कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है।

‘ब्राइट स्टार-23’ अभ्यास 

  • भारतीय नौसेना का INS ‘सुमेधा ब्राइट स्टार-23’ अभ्यास में भाग लेने के लिये मिस्र के पोर्ट अलेक्जेंड्रिया पहुँचा 
  • बहुराष्ट्रीय त्रि-सेवा सैन्य अभ्यास के इस संस्करण में 34 देशों की भागीदारी देखी जाएगी। यह मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा संयुक्त सैन्य अभ्यास है। 
  • मिस्र में आयोजित यह संयुक्त सैन्य अभ्यास, भारतीय नौसेना के लिये एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है और साझेदार देशों के साथ भारत के राजनयिक एवं रणनीतिक संबंधों को मज़बूत करता है।