CUET (UG) Offline Final Answer Key   |   CUET (UG) Online Final Answer Key




करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

विविध

17 मई, 2023

    «    »
 17-May-2023

    No Tags Found!

शांति में एक साथ रहने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस-2023 

  • प्रत्येक वर्ष 16 मई को व्यक्तियों और समुदायों के बीच वैश्विक एकता, स्वीकृति, समावेशिता, सहानुभूति और  एकता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शांति में एक साथ रहने का अंतर्राष्ट्रीय दिवस (International Day Of Living Together In Peace) मनाया जाता है। 
  • यह दिन सभी सांस्कृतिक, सामाजिक और जातीय मूल के लोगों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व, आपसी प्रशंसा और सहयोग को प्राथमिकता देने का स्मरणोत्सव है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने राजधानी में विधायी प्रारूपण पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में विधायी प्रारूपण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
  • इस कार्यक्रम का उद्देश्य संसद, राज्य विधानसभाओं, विभिन्न मंत्रालयों, वैधानिक निकायों और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के बीच विधायी प्रारूपण के सिद्धांतों एवं कार्यप्रणालियों की समझ को प्रोत्साहन देना है।

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वायु सेना के उप प्रमुख का पद ग्रहण किया  

  • एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वायु सेना के उप प्रमुख का पद ग्रहण किया। बांग्लादेश में स्टाफ कोर्स और नई दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज से प्रशिक्षित दीक्षित एक विशिष्ट शैक्षिक पृष्ठभूमि से संबंध रखते हैं।
  • एयर मार्शल न केवल एक योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर हैं, बल्कि एक एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी होते हैं, जिन्हें फाइटर, ट्रेनिंग और ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट पर 3300 घंटे से ज़्यादा का फ्लाइंग एक्सपीरियंस होता है। आशुतोष दीक्षित ने ऑपरेशन सफेद सागर और रक्षक में सक्रिय रूप से भागीदारी भी निभाई है। 

ऑपरेशन सफेद सागर 

  • ऑपरेशन सफेद सागर, वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान थल सैनिकों के साथ संयुक्त रूप से कार्य करने में भारतीय वायु सेना की भूमिका को सौंपा गया एक कोड नाम था, जिसका उद्देश्य कारगिल क्षेत्र में LOC के साथ भारतीय चौकियों से नियमित और अनियमित पाकिस्तानी सेना के सैनिकों को हटाना था। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद से यह जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में वायु शक्ति का पहला बड़े पैमाने का ऑपरेशन था।  

ऑपरेशन रक्षक 

  • जून 1990 में जम्मू और कश्मीर में उग्रवाद के चरम के दौरान ऑपरेशन रक्षक की स्थापना हुई, जो उग्रवाद और आतंकवाद का मुकाबला करने पर केंद्रित एक निरंतर रूप से आयोजित होने वाला सैन्य प्रयास है।

अमेरिकी सीनेट ने महिला से संबंधित वैश्विक मुद्दों के लिये गीता राव गुप्ता को राजदूत के रूप में मंजूरी दी

  • अमेरिकी सीनेट ने विदेश विभाग के राजदूत के रूप में वैश्विक महिला मुद्दों के लिये व्यापक अनुभव की एक बहुप्रशंसित भारतीय-अमेरिकी, गीता राव गुप्ता को नियुक्त करने की पुष्टि की है।
  • विभाग ने अमेरिकी विदेश नीति के माध्यम से महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों के निरंतर प्रगति में उनके प्रयासों के लिये उम्मीद जताई है। गुप्ता की नियुक्ति की पुष्टि अमेरिकी सीनेट में हुए मतदान में 51-47 मतों के साथ हुई।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी सप्ताह- 2023 का दिल्ली में समापन

  • प्रत्येक वर्ष 11 मई को देश की उल्लेखनीय तकनीकी उपलब्धियों के सम्मान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है। 
  • यह ऐतिहासिक दिन "ऑपरेशन शक्ति" के महत्त्वपूर्ण अवसरों और वर्ष 1998 में "हंसा 3" के सफल उड़ान परीक्षण का प्रतीक है, जिसने भारत को गौरव के अनमोल क्षण दिये। 
  • इस कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किया। कार्यक्रम की थीम “स्कूल टू स्टार्टअप – इनोवेटिंग यंग माइंड्स टू इनोवेट” की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने उस महत्त्वपूर्ण भूमिका पर ज़ोर दिया जो आज के युवा और बच्चे भारत के भविष्य को आकार देने में निभाएंगे। 

ऑपरेशन शक्ति

  • मई 1998 में, पोखरण स्थल भारत के परमाणु परीक्षणों की दूसरी शृंखला का स्थान बन गया, जिसे "ऑपरेशन शक्ति" के रूप में जाना जाता है।  प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में, इन परीक्षणों में तीन दिन की अवधि में पाँच परमाणु परिक्षण हुए। जिनमें अंतिम परीक्षण थर्मोन्यूक्लियर अर्थात हाइड्रोजन बम का था।

रक्षा मंत्रालय ने रक्षा क्षेत्र में 'आत्मनिर्भरता' के प्रोत्साहन हेतु चौथी सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची को मंजूरी दी

  • रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देने और रक्षा क्षेत्र में आयात को कम करने के लिये चौथी सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची (Positive Indigenisation List - PIL) को मंजूरी दी।
  • इस सूची में सामरिक रूप से महत्त्वपूर्ण 928 लाइन रिप्लेसमेंट इकाइयाँ (LRU)/उप-प्रणालियाँ/कल-पुर्जे शामिल हैं।
  • इन उत्कृष्ट सामग्रियों और कल-पुर्जों के आयात प्रतिस्थापन का कुल मूल्य 715 करोड़ रुपए आँका गया है।  
  • इस पहल का उद्देश्य रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (DPSU) में स्वदेशी उत्पादन को प्रोत्साहित कर “आत्मनिर्भरता” को बढ़ाना है। 

SCO ने DPI को समर्थन देने के भारत के प्रस्ताव को अपनाया 

  • इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देश आधार, यूनाइटेड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI), डिजिलॉकर और कोविन सहित भारतीय डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढाँचे (DPI) को अपनाने के पक्ष में हैं।
  • SCO समूह में कज़ाकिस्तान, चीन, किर्गिज़स्तान, पाकिस्तान, रूस, ताज़िकिस्तान, उज़्बेकिस्तान और भारत शामिल हैं।

भारत-इंडोनेशिया द्विपक्षीय अभ्यास समुद्र शक्ति-23 का चौथा संस्करण

  • भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय नौसैन्य अभ्यास समुद्र शक्ति- 23 का चौथा संस्करण 14 से 19 मई, 2023 तक आयोजित किया जायेगा। इस अभ्यास सत्र में भाग लेने के लिये INS कवारत्ती इंडोनेशिया के बाटम पहुँच गया है। 
  •  INS कवारत्ती के साथ एक भारतीय नौसेना डोर्नियर समुद्री गश्ती विमान एवं चेतक हेलीकॉप्टर भी भाग ले रहा है।
  • इंडोनेशियाई नौसेना का प्रतिनिधित्व KRI सुल्तान इस्कंदर मुदा, CN 235 समुद्री गश्ती विमान व AS565 पैंथर हेलीकाप्टर द्वारा किया जा रहा है।
  • इस अभ्यास का उद्देश्य भारतीय और इंडोनेशिया की नौसेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता, संयुक्तता तथा आपसी सहयोग को बढ़ाना है।
  • समुद्र शक्ति-23 दोनों नौसेनाओं के बीच क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिये उनके साझा समर्पण को उजागर करते हुए, दोनों नौसेनाओं के बीच उच्च स्तर की अंतर-क्षमता प्रदर्शित करने के लिये एक मंच के रूप में काम करेगा। 

WHO ने महिलाओं की प्रजनन आयु में एनीमिया को कम करने पर केंद्रित एक रूपरेखा पेश की 

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एनीमिया से निपटने के लिये अपना पहला व्यापक ढाँचा जारी किया है, जिसमें राष्ट्रों से वर्ष 2025 से पहले  महिलाओं की प्रजनन आयु में एनीमिया के प्रसार को 50% तक कम करने के अपने प्रयासों को बढ़ाने का आह्वान किया गया है।
  • एनीमिया एक महत्त्वपूर्ण वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता का विषय है, जो विश्व स्तर में 571 मिलियन महिलाओं और 269 मिलियन छोटे बच्चों को प्रभावित करता है। 
  •  यह नया ढाँचा उन प्रत्यक्ष कारणों, जोखिम कारकों और व्यापक सामाजिक असमानताओं को दूर करने के तरीकों को निर्धारित करता है जो एनीमिया के लिये मूल कारक हैं।

भारतीय नौसेना ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया

  •  भारतीय नौसेना ने अपने फ्रंटलाइन निर्देशित मिसाइल विध्वंसक INS मोरमुगाओ पोत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।

ब्रह्मोस से संबंधित मुख्य बिंदु 

  • मध्यम दूरी की ब्रह्मोस मिसाइल भारत और रूस के सहयोग से बनाई गई है। इसे पनडुब्बियों, युद्धपोतों, विमानों तथा सतह से लॉन्च किया जा सकता है।
  • ब्रह्मोस मिसाइल का नाम भारत की ब्रह्मपुत्र नदी और रूस की मोस्कवा नदी के नाम पर रखा गया है। यह परमाणु हथियार ले जा सकता है और इसकी गति 2.8 मैक है, जो ध्वनि की गति की लगभग तीन गुनी है।
  • भारत, ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्यात करता रहा है और जनवरी 2022 में, उसने तीन मिसाइल बैटरी की आपूर्ति के लिये फिलीपींस के साथ $375 मिलियन के अनुबंध पर हस्ताक्षर किये।