CUET (UG) Offline Final Answer Key   |   CUET (UG) Online Final Answer Key




करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

विविध

16 अक्तूबर, 2023

    «    »
 16-Oct-2023

    No Tags Found!

नाइट फ्रैंक इंडेक्स में मुंबई ने 19वाँ स्थान हासिल किया

  • लंदन स्थित संपत्ति सलाहकार, नाइट फ्रैंक ने हाल ही में अपने ग्लोबल प्राइम रेज़िडेंशियल इंडेक्स का अनावरण किया है, जो आवासीय रियल एस्टेट मार्केट्स में विश्व भर के विभिन्न शहरों के प्रदर्शन की जानकारी प्रदान करता है।
  • वर्ष 2023 की दूसरी तिमाही की नवीनतम रिपोर्ट में मुंबई , बंगलुरु और नई दिल्ली ने सूचकांक में उल्लेखनीय स्थान हासिल करते हुए प्रभावशाली वृद्धि दिखाई है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन बोर्ड ने NTPC में ₹1,660 करोड़ का निवेश किया

  • इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), NTPC लिमिटेड के साथ स्थापित संयुक्त उद्यम, इंडियन ऑयल NTPC ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में इक्विटी के तौर पर ₹1,660.15 करोड़ का निवेश करने की योजना बना रही है।
  • जून में बनी यह साझेदारी IOC और NTPC ग्रीन एनर्जी को एक साथ लाती है, जो विद्युत् उत्पादक NTPC की पूर्ण स्वामित्त्व वाली सहायक कंपनी है।
  • संयुक्त उद्यम का लक्ष्य सौर पीवी और पवन प्रौद्योगिकियों पर विशेष ध्यान देने के साथ नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को शुरू करना है।

IMI 5.0 अभियान 14 अक्तूबर 2023 को समाप्त होगा

  • केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रमुख नियमित टीकाकरण अभियान, सघन मिशन इंद्रधनुष (IMI 5.0) के सभी 3 चरणों का समापन 14 अक्तूबर 2023 को होगा।
  • IMI 5.0 यह सुनिश्चित करता है कि नियमित टीकाकरण सेवाएँ देशभर में छूटे हुए एवं बचे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलें।
  • इस वर्ष, पहली बार यह अभियान देश के सभी ज़िलों में चलाया जा रहा है और इसमें 5 वर्ष तक के बच्चे भी शामिल हैं (पिछले अभियानों में 2 वर्ष तक के बच्चे शामिल थे)।
  • IMI 5.0 अभियान का लक्ष्य राष्ट्रीय टीकाकरण अनुसूची (NIS) के अनुसार सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (UPI) के तहत प्रदान किये गए सभी टीकों के लिये टीकाकरण कवरेज को बढ़ाना है।
  • वर्ष 2023 तक खसरा और रूबेला उन्मूलन के लक्ष्य के साथ इनके टीकाकरण कवरेज में सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया है तथा देश के सभी ज़िलों में पायलट मोड में नियमित टीकाकरण के लिये यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने मुंबई में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) सत्र का उद्घाटन किया

  • प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने मुंबई में 141वें अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) सत्र का उद्घाटन किया। यह सत्र खेल से संबंधित विभिन्न हितधारकों के बीच वार्तालाप और ज्ञान साझा करने का अवसर प्रदान करता है।
  • यह आयोजन भारत द्वारा दूसरी बार IOC सत्र की मेज़बानी का प्रतीक है, वर्ष 1983 में नई दिल्ली में 86वें IOC सत्र की मेज़बानी के बाद से लगभग चार दशक बीत चुके हैं।

माइकल डगलस को मिलेगा सत्यजीत रे एक्सीलेंस इन फिल्म लाइफटाइम अवार्ड

  • हॉलीवुड अभिनेता माइकल डगलस को गोवा में 54वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रतिष्ठित सत्यजीत रे एक्सीलेंस इन फिल्म लाइफटाइम अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
  • भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) फिल्म निर्माण हेतु समर्पित एक महत्त्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करता है, जो उत्कृष्ट अंतर्राष्ट्रीय और भारतीय सिनेमा को प्रदर्शित करने के लिये एक वैश्विक मंच प्रदान करता है।
  • महान फिल्म निर्माता सत्यजीत रे के नाम पर रखा गया यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को सम्मानित करता है जिन्होंने सिनेमा की दुनिया पर स्थायी प्रभाव डाला है।

सेना प्रमुख ने नागा रेजिमेंट की तीसरी बटालियन को 'प्रेसिडेंट्स कॉलर्स' प्रदान किया

  • सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रानीखेत (उत्तराखंड) के कुमाऊं रेजिमेंटल सेंटर में 13 अक्तूबर, 2023 को आयोजित एक शानदार कॉलर प्रजेंटेशन परेड के दौरान नागा रेजिमेंट की तीसरी बटालियन को प्रतिष्ठित 'प्रेसिडेंट्स कॉलर्स' से सम्मानित किया।
  • सेना प्रमुख ने परेड का निरीक्षण करने के बाद संचालन, प्रशिक्षण एवं खेल सहित सैन्य गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में नागा रेजिमेंट की समृद्ध परंपराओं की सराहना की। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने कम समय में उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिये भी इस नवगठित इकाई की प्रशंसा की और सभी इकाईयों को गर्व के साथ राष्ट्र की सेवा करने के लिये अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित की।

NTPC फोर्ब्स की ‘विश्व के सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता 2023’ सूची में शामिल होने वाला एकमात्र भारतीय लोक उपक्रम (PSU)

  • भारत के सबसे बड़े एकीकृत ऊर्जा समूह, NTPC लिमिटेड को विगत 10 अक्तूबर 2023 को जारी फोर्ब्स वर्ल्ड की सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता सूची 2023 में "विश्व के सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता 2023" में से एक के रूप में मान्यता दी गई है।
  • यह विश्व रैंकिंग में शीर्ष 700 कंपनियों में से 261वें स्थान पर है और इस सूची में शामिल होने वाला सार्वजनिक क्षेत्र का एकमात्र भारतीय लोक उपक्रम (PSU) है। यह इस बात का प्रमाण है कि NTPC में लोगों के कार्य (प्रैक्टिस) विश्व की शीर्ष कंपनियों के बराबर हैं।