08-May-2025
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC)
विविध
चर्चा में क्यों?
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने पहलगाम आतंकवादी हमले पर पाकिस्तान से जवाबदेही मांगी है, जिससे इस मुद्दे को अंतराष्ट्रीय बनाने के इस्लामाबाद के प्रयासों को झटका लगा है। पाकिस्तान की अपेक्षाओं के विपरीत, UNSC भारत की निंदा करने वाला सामूहिक बयान जारी करने में विफल रहा।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC): परिचय
- UNSC संयुक्त राष्ट्र के पांच मुख्य अंगों में से एक है, जिसे अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की प्राथमिक ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।
- संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत, सभी सदस्य देशों को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के निर्णयों का पालन करना आवश्यक है।
- परिषद शांति के लिये खतरों की पहचान करती है, समाधान के तरीकों की सिफारिश करती है, प्रतिबंध लगाती है और सैन्य कार्रवाइयों को अधिकृत करती है।
- UNSC का मुख्यालय न्यूयॉर्क शहर में संयुक्त राष्ट्र में है।
संरचना और सदस्यता
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 15 सदस्य हैं, जिनमें से प्रत्येक के पास एक वोट होता है।
- वीटो शक्ति वाले पांच स्थायी सदस्य (P5) : चीन, फ्राँस, रूस, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका।
- संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा दस अस्थायी सदस्यों को दो वर्ष के कार्यकाल के लिये चुना जाता है, जिससे समान भौगोलिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होता है:
- 5 अफ्रीका/एशिया से,
- 1 पूर्वी यूरोप से,
- 2 लैटिन अमेरिका से और
- 2 पश्चिमी यूरोप/अन्य से।