18 जुलाई, 2023

करेंट अफेयर्स


    No Tags Found!
 18-Jul-2023

विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस 2023

  • प्रत्येक वर्ष 17 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्याय प्रणाली स्थापित करने और पीड़ितों के अधिकारों को बढ़ावा देने तथा अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय जैसे संगठनों द्वारा निभाई गई महत्त्वपूर्ण भूमिका का सम्मान करने के लिये विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस मनाया जाता है।
  • यह महत्त्वपूर्ण दिन 17 जुलाई 1998 को रोम संविधि को अपनाने की याद दिलाता है, जिसने अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय की स्थापना की और इसका उद्देश्य लोगों को नरसंहार, मानवता के खिलाफ अपराध, युद्ध अपराध और आक्रामकता के अपराध से बचाना है।

भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास

  • भारत और मंगोलिया का 15वाँ संयुक्‍त सैन्‍य अभ्‍यास मंगोलिया के उलानबाटर में शुरू होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार भारतीय सेना के 43 सदस्‍यों का दल इस अभ्‍यास में शामिल होने के लिये मंगोलिया गया। वे मंगोलिया में नोमेडिक एलिफेंट 2023 नाम के संयुक्‍त सैन्‍य अभ्‍यास में भाग लेंगे। ये अभ्‍यास इस महीने की 31 तारीख तक चलेगा।
  • इस अभ्‍यास का प्राथमिक उद्देश्‍य दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवाद रोधी कार्यवाहियों पर केंद्रित है। इसमें प्‍लाटून स्‍तर का मैदानी प्रशिक्षण अभ्‍यास शामिल है। इस दौरान भारत और मंगोलिया के सैनिक अपने कौशल और क्षमताओं में वृद्धि के लिये विभिन्‍न प्रकार की प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे।
  • इन संयुक्त अभ्यासों का पिछला संस्करण अक्तूबर 2019 में भारत के बकलोह में विशेष बल प्रशिक्षण स्कूल में हुआ था।

चीन और रूस संयुक्त नौसेना अभ्यास

  • चीन और रूस ने अपने रक्षा सहयोग को और मज़बूत करते हुए अपने आगामी संयुक्त नौसैनिक अभ्यास के संबंध में एक घोषणा की है।
  • दोनों देश अपने सैन्य संपर्क में वृद्धि कर रहे हैं, जिसमें हाल के महीनों में संयुक्त सैन्य अभ्यास भी शामिल है।

भारतीय-अमेरिकी मूल की शमीना सिंह को अमेरिकी राष्ट्रपति की निर्यात परिषद में नियुक्त करने की घोषणा 

  • अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारतीय-अमेरिकी मूल की शमीना सिंह को राष्ट्रपति की निर्यात परिषद में नियुक्त करने की घोषणा की है। यह परिषद अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर एक प्रमुख राष्ट्रीय सलाहकार के रूप में काम करती है।
  • शमीना सिंह वर्तमान में मास्टरकार्ड सेंटर फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ की संस्थापक और अध्यक्ष हैं।

'भूमि सम्मान'- 2023

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नई दिल्ली में वर्ष 2023 के लिये "भूमि सम्मान" पुरस्कार प्रदान किया गया।
  • यह पुरस्कार डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स आधुनिकीकरण कार्यक्रम के मुख्य घटकों को लागू करने में असाधारण उपलब्धियों की मान्यता में 9 राज्य सचिवों और 68 जिला कलेक्टरों को उनकी संबंधित टीमों के साथ प्रदान किया गया है।
  • पिछले 75 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है कि इन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये प्रतिष्ठित "भूमि सम्मान" प्रदान किया गया।
  • "भूमि सम्मान" योजना केंद्र और राज्य सरकारों के बीच विश्वास और साझेदारी पर निर्मित सहयोगात्मक संघवाद का एक उल्लेखनीय उदाहरण है।

भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने रुपए में व्यापार हेतु समझौते पर हस्ताक्षर किये

  • प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की अबू धाबी यात्रा के दौरान, भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने व्यापार, ऊर्जा और जलवायु कार्रवाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिये समझौतों पर हस्ताक्षर किये।
  • इन समझौतों के हिस्से के रूप में, भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) और सेंट्रल बैंक ऑफ UAE के बीच दो समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये गए।
  • पहला समझौता ज्ञापन चालू खाते और अनुमत पूंजी खाता लेनदेन सहित सीमा पार लेनदेन के लिये राष्ट्रीय मुद्राओं, रुपया और दिरहम का उपयोग करने के लिये एक रूपरेखा स्थापित करता है।
  • इस कदम का उद्देश्य व्यापार निपटान में रुपये और दिरहम के उपयोग को बढ़ावा देना है।
  • दूसरा समझौता ज्ञापन वास्तविक समय सीमा पार लेनदेन की सुविधा प्रदान करने, भुगतान और मैसेजिंग सिस्टम को इंटरलिंक करने में सहयोग पर केंद्रित है।
  • इसके अतिरिक्त, भारत के शिक्षा मंत्रालय और अबू धाबी अधिकारियों के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गए, जिसमें अबू धाबी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-दिल्ली) के लिये एक नए परिसर की स्थापना की योजना की रूपरेखा तैयार की गई है।

इंडोनेशिया आर्थिक और वित्तीय वार्ता

  • भारत और इंडोनेशिया ने संयुक्त रूप से वास्तविक समय भुगतान तंत्र विकसित करने और स्थानीय मुद्राओं का उपयोग करके व्यापार को सुविधाजनक बनाने में अपने सहयोग की घोषणा की।
  • इंडोनेशिया के वित्त मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकी, केंद्रीय बैंकों द्वारा संचालित भुगतान प्रणालियों और स्थानीय मुद्राओं के उपयोग में संभावित सहयोग के संबंध में चर्चा प्रस्तावित है।
  • इसके अलावा, उन्होंने अन्य क्षेत्रों के अलावा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश, वित्तीय सेवाओं एवं बुनियादी ढाँचे के विकास को मज़बूत करने को प्राथमिकता देने के साथ एक आर्थिक और वित्तीय वार्ता शुरू की है।