14-Jul-2025

संक्षिप्त खबरें

विविध

संक्षिप्त वर्णन 

यूनेस्को स्थल, अमरनाथ सुरक्षा और जुलाई 2025 की वैश्विक धरोहर संबंधी घटनाक्रम।

मराठा सैन्य परिदृश्य 

  • भारत के मराठा सैन्य परिदृश्य को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है, जिससे यह भारत का 44वाँ विश्व धरोहर स्थल बन गया है। 
  • इस धरोहर में 17वीं और 19वीं शताब्दी के बीच मराठा साम्राज्य द्वारा निर्मित किलों तथा सैन्य संरचनाओं का एक समूह शामिल है। 
  • महाराष्ट्र और तमिलनाडु राज्यों में फैले इन स्थलों में महाराष्ट्र के सल्हेर, शिवनेरी, लोहगढ़, खंडेरी, रायगढ़, राजगढ़, प्रतापगढ़, सुवर्णदुर्ग, पन्हाला, विजयदुर्ग तथा सिंधुदुर्ग एवं तमिलनाडु का जिंजी किला शामिल हैं।

Maratha Military Landscapes

ऑपरेशन शिवा 2025 

  • भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये ऑपरेशन शिवा 2025 शुरू किया है। 
  • यह ऑपरेशन सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs), नागरिक प्रशासन और आपदा प्रतिक्रिया टीमों के संयुक्त प्रयासों से संचालित किया जा रहा है। 
  • इसमें एंटी-ड्रोन सिस्टम, निगरानी उपकरण, और आपातकालीन तैयारियाँ शामिल हैं ताकि तीर्थयात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। 

Operation SHIVA 2025

खमेर रूज स्थल 

  • कंबोडिया में लगभग 50 वर्ष पूर्व हुए नरसंहार से संबंधित खमेर रूज शासन के तीन पूर्व यातना एवं फाँसी स्थलों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। 
  • वर्ष 1975 से 1979 के मध्य कंबोडिया में हुए इस क्रूर शासनकाल के दौरान लगभग 17 लाख लोगों की मृत्यु हुई थी।
  • मान्यता प्राप्त स्थल 
    • तुओल स्लेंग नरसंहार संग्रहालय (S-21), नोमपेन्ह 
    • M-13 जेल, कम्पोंग छनांग प्रांत 
    • नोमपेन्ह के पास चोएंग एक किलिंग फील्ड्

Cambodian sites of Khmer Rouge

  MCQ के माध्यम से तैयारी  

प्रश्न. भारत के मराठा सैन्य परिदृश्य, जिन्हें हाल ही में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है, मुख्य रूप से किन दो भारतीय राज्यों में स्थित हैं? 

(1) महाराष्ट्र और कर्नाटक 

(2) महाराष्ट्र और तमिलनाडु 

(3) गुजरात और तमिलनाडु 

(4) मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र 

उत्तर: (2) महाराष्ट्र और तमिलनाडु