29-Apr-2024

29 अप्रैल, 2024

करेंट अफेयर्स

कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के लिये विश्व दिवस 2024

  • प्रतिवर्ष 28 अप्रैल को कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य हेतु वैश्विक दिवस मनाया जाता है।
  • यह दिन सभी श्रमिकों के लिये सुरक्षित व स्वस्थ कामकाजी परिस्थितियों को बढ़ावा देता है और इसका उद्देश्य व्यावसायिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के महत्त्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना तथा उन लोगों का सम्मान करना है जो कार्य से संबंधित दुर्घटनाओं या बीमारियों के कारण चोटों या बीमारियों का सामना कर चुके हैं या अपनी जान गँवा चुके हैं।
  • कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वास्थ्य हेतु वैश्विक दिवस- 2024 की थीम “Climate change and safety and health at work.” अर्थात् ‘जलवायु परिवर्तन एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा तथा स्वास्थ्य’ है।

विश्व पशु चिकित्सा दिवस 2024

  • प्रतिवर्ष 27 अप्रैल को विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाया जाता है।
  • इस दिन का उद्देश्य जंतुओं और मनुष्यों के स्वास्थ्य व कल्याण को बनाए रखने में पशु चिकित्सकों की महत्त्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
  • विश्व पशु चिकित्सा दिवस- 2024 दिन की थीम है– “Veterinarians are Essential Health Workers.” अर्थात् पशुचिकित्सक आवश्यक स्वास्थ्य कार्यकर्त्ता हैं।

युवराज सिंह को ICC पुरुष T20 विश्व कप 2024 का राजदूत नामित किया

  • अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने युवराज सिंह को ICC पुरुष T20 विश्व कप 2024 के लिये राजदूत नियुक्त किया।
  • एक राजदूत के रूप में वह T20 विश्व कप से पहले और उसके दौरान संयुक्त राज्य अमेरिका में विभिन्न प्रचार कार्यक्रमों में भाग लेंगे, जिसमें न्यूयॉर्क में भारत बनाम पाकिस्तान मैच भी शामिल है।

विझिंजम पोर्ट भारत का पहला ट्रांसशिपमेंट हब बना

  • केरल में विझिंजम बंदरगाह भारत का पहला ट्रांसशिपमेंट हब बन गया है।
  • ट्रांसशिपमेंट पोर्ट एक महत्त्वपूर्ण केंद्र है जहाँ कार्गो को अंतिम डिस्चार्ज पोर्ट तक पहुँचने से पहले एक बड़े जहाज़ से कई छोटे जहाज़ों में स्थानांतरित किया जाता है।