15-Jul-2025
संक्षिप्त खबरें
संक्षिप्त समाचार
सिएरा लियोन का गोला-तिवाई परिसर
सिएरा लियोन के गोला-तिवाई परिसर, जिसमें गोला वर्षावन राष्ट्रीय उद्यान (GRNP) और तिवाई द्वीप वन्यजीव अभयारण्य शामिल हैं, को गैर-सरकारी संगठन एनवायरनमेंटल फाउंडेशन फॉर अफ्रीका (EFA) द्वारा दशकों से किये जा रहे संरक्षण प्रयासों के कारण, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक तथा सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) द्वारा प्रथम विश्व विरासत स्थल घोषित किया गया है।
- मोआ नदी पर स्थित तिवाई द्वीप 12 वर्ग किमी में फैला है और यह 11 प्रकार की प्राइमेट प्रजातियों का आश्रय स्थल है, जिनमें लुप्तप्राय पश्चिमी चिंपांज़ी तथा किंग कोलबस बंदर शामिल हैं।
- तिवाई अब पश्चिमी अफ्रीका में जैवविविधता अनुसंधान केंद्र और समुदाय आधारित संरक्षण मॉडल के रूप में कार्य करता है।
- GRNP, सिएरा लियोन का सबसे बड़ा उष्णकटिबंधीय वर्षावन है, जिसमें पिग्मी दरियाई घोड़े और अफ्रीकी वन हाथी जैसी दुर्लभ प्रजातियाँ पाई जाती हैं।
- EFA की स्थापना वर्ष 1992 में हुई थी और इसने 2000 के दशक के प्रारंभ में तिवाई में संरक्षण प्रयास शुरू किये, विशेष रूप से सिएरा लियोन के 1991-2002 के गृहयुद्ध से हुई क्षति के बाद।
- युद्ध के दौरान, वनों की कटाई, अवैध शिकार और अवैध कटाई ने तिवाई को लगभग नष्ट कर दिया, लेकिन EFA ने पुनर्निर्माण, सामुदायिक सहभागिता तथा जैवविविधता संरक्षण का नेतृत्व किया।
- यूनेस्को की मान्यता सिएरा लियोन के लिये एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, जो स्थानीय सशक्तीकरण और पारिस्थितिकीय नम्यता पर पर आधारित संरक्षण मॉडल की वैश्विक स्वीकृति को दर्शाती है।
ग्रे सील
जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और अत्यधिक मत्स्यनयन के चलते बाल्टिक सागर में ग्रे सील (Halichoerus grypus) के अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो गया है। इसलिये लिथुआनिया ने उनके अस्तित्व को बचाने तथा जनसंख्या संतुलन बहाल करने के लिये पुनर्वास प्रयास शुरू किया है।
- आवास तथा विस्तार क्षेत्र: ग्रे सील उत्तरी अटलांटिक के तटीय जल में अमेरिका और कनाडा से लेकर बाल्टिक सागर और यूरोप के कुछ हिस्सों तक रहती हैं। ये चट्टानी तटों, द्वीपों, रेतीले टीलों एवं हिमखंडों पर पाई जाती हैं।
- आकार: नर ग्रे सीलों की लंबाई10 फीट तक हो सकती है जबकि मादाएँ अपेक्षाकृत छोटी होती हैं। नर के सिर का आकार घोड़े के सिर की तरह बड़ा और विशिष्ट होता है। बच्चों (पप्स) का जन्म सफेद लैनूगो फर के साथ होता है जो उन्हें गर्मी बनाए रखने में मदद करता है।
- व्यवहार तथा आहार: ये प्रजनन और निर्मोचन के लिये बड़े समूहों में एकत्र होती हैं, लेकिन अक्सर अकेले या छोटे समूहों में रहती हैं। इनके आहार में मछलियाँ, स्क्विड एवं कभी-कभी समुद्री पक्षी शामिल होते हैं।
- ये शीर्ष शिकारी (Apex Predators) हैं, इसलिये समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य का आकलन करने में सहायक होती हैं क्योंकि इनके शरीर में उच्च मात्रा में प्रदूषक एकत्र हो जाते हैं।
- प्रजनन और जीवनकाल: ग्रे सील 25-35 साल तक जीवित रहती हैं। मादा 11 महीने की गर्भावस्था के बाद एक ही बच्चे को जन्म देती है।
- संरक्षण स्थिति: ग्रे सील की बाल्टिक सागर उप-जनसंख्या को आईयूसीएन रेड लिस्ट में सबसे कम चिंताजनक (Least Concern) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
- खतरा: बाल्टिक सागर में ग्रे सील को हिम आवरण में कमी, प्रदूषण, मछलियों की घटती संख्या और बीमारियाँ जैसे खतरों का सामना करना पड़ रहा है।