05-Jun-2025

संक्षिप्त समाचार

संक्षिप्त समाचार

केर्च जलडमरूमध्य 

  • यूक्रेन ने सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण केर्च जलडमरूमध्य में स्थित केर्च पुल को क्षति पहुँचाने की ज़िम्मेदारी ली है। 
  • केर्च जलडमरूमध्य पर बना 19 किमी. लंबा पुल रूस को क्रीमिया प्रायद्वीप से जोड़ता है, जो एक महत्त्वपूर्ण परिवहन संपर्क बनाता है। 
  • केर्च जलडमरूमध्य आज़ोव सागर और काला सागर के बीच स्थित है तथा यह रूसी अनाज, कच्चे तेल, LNG और ईंधन के लिये एक प्रमुख निर्यात मार्ग है। 
  • जलडमरूमध्य एक संकीर्ण जल निकाय है, जो दो बड़े जल निकायों को जोड़ता है, जो समुद्री व्यापार मार्गों के लिये महत्त्वपूर्ण है। 

अनुच्छेद 311 

  • जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने कथित आतंकी संबंधों के कारण अनुच्छेद 311(2)(C) के तहत तीन सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। 
  • अनुच्छेद 311(2) अखिल भारतीय सेवाओं या संघ/राज्य के अधीन सिविल भूमिकाओं में कार्यरत लोगों को बर्खास्तगी या पदावनत करने से पहले जाँच का अधिकार प्रदान करता है। 
  • यदि व्यक्ति दोषी ठहराया गया है, जाँच अव्यावहारिक है, या राष्ट्रपति/राज्यपाल का मानना है कि यह राज्य के सुरक्षा हित के विरुद्ध है, तो किसी जाँच की आवश्यकता नहीं है। 
  • अनुच्छेद 311 के अंतर्गत प्रावधान न्यायालय में प्रवर्तनीय हैं। 

ध्रुवीय अनुसंधान पोत (PRV) 

  • भारत की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (GRSE) और नॉर्वे की कोंग्सबर्ग ग्रुपेन ASA, ओस्लो (कोंग्सबर्ग ओस्लो) ने भारत के पहले स्वदेशी ध्रुवीय अनुसंधान पोत (PRV) के निर्माण के लिये एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किये। 
  • केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल की उपस्थिति में ओस्लो, नॉर्वे में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गए। 
  • PRV गहरे समुद्र में अन्वेषण, समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र अध्ययन और पर्यावरण अनुसंधान के लिये अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित होगा। 
  • यह परियोजना भारत के समुद्री दृष्टिकोण 'महासागर' (समग्र विकास के लिये समुद्री उन्नति और सतत् विकास) के अनुरूप है, जो वैज्ञानिक नवाचार और स्थिरता को बढ़ावा देती है।