CUET (UG) Offline Final Answer Key   |   CUET (UG) Online Final Answer Key




करेंट अफेयर्स

Home / करेंट अफेयर्स

विविध

28 नवंबर, 2023

    «    »
 28-Nov-2023

    No Tags Found!

हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड को पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया नेशनल अवार्ड, 2023 से सम्मानित किया गया

  • वर्ष 2023 के लिये पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) का राष्ट्रीय पुरस्कार हैदराबाद एयरपोर्ट मेट्रो लिमिटेड (HAML) को प्रदान किया गया है।
  • नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय जनसंपर्क महोत्सव के दौरान HAML के CPRO एम. कृष्णानंद को यह पुरस्कार ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती द्वारा प्रदान किया गया।

पॉल लिंच को उनके उपन्यास 'प्रॉफेट सॉन्ग' के लिये बुकर पुरस्कार, 2023

  • आयरलैंड के लेखक पॉल लिंच (Paul Lynch) को उनके उपन्यास 'प्रॉफेट सॉन्ग' (Prophet Song) के लिये लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम में बुकर पुरस्कार (Booker Prize 2023) से सम्मानित किया गया।
  • वह यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल करने वाले पाँचवें आयरिश लेखक बन गए हैं।
  • वर्ष 2018 में यह पुरस्कार जीतने वाली आखिरी आयरिश लेखिका अन्ना बर्न्स थीं।
  • बुकर पुरस्कार UK और आयरलैंड में प्रकाशित अंग्रेज़ीं में लिखी गई उपन्यास की सर्वश्रेष्ठ कृति को प्रदान किया जाता है।

राष्ट्रीय कैडेट कोर ने 75वीं वर्षगाँठ मनाई

  • 27 नवंबर, 2023 को भारतीय सशस्त्र बलों की युवा शाखा, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) ने अपनी 75वीं वर्षगाँठ मनाई।
  • NCC का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। NCC ने स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिये अपनी स्वैच्छिक सदस्यता का विस्तार किया है।
  • त्रि-सेवा संगठन के रूप में कार्य करते हुए इसमें थल सेना, नौसेना और वायु सेना शामिल हैं।
  • NCC में शामिल कैडेटों को आवश्यक सैन्य प्रशिक्षण से गुजरना पड़ता है, जिसमें छोटे हथियार चलाने और ड्रिल अभ्यास जैसी गतिविधियाँ शामिल होती हैं।

खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 के प्रतीक चिन्ह (लोगो) और शुभंकर

  • खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 का लोगो और शुभंकर ’उज्ज्वला’ नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर तथा कई प्रतिष्ठित एथलीटों व पैरा एथलीटों द्वारा लॉन्च किया गया।
  • छोटी गौरैया दिल्ली के गौरव का प्रतीक है और इसकी विशिष्टता दृढ़ संकल्प एवं सहानुभूति को दर्शाती है। खेलो इंडिया-पैरा गेम्स 2023 के शुभंकर के रूप में उज्ज्वला एक अनुस्मारक है कि ताकत कई रूपों में आती है और मानवीय भावना अटूट है।

आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों का नाम बदलकर 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' रखा गया

  • भारत सरकार ने आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्रों का नाम बदलकर 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' कर दिया है।
  • मंत्रालय ने राज्यों को आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र (AB-HWC) पोर्टल पर नये नाम वाले प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की तस्वीरें अपलोड करने का निर्देश दिया है।
  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) का लोगो केंद्रों में बरकरार रखा जाएगा।
  • नये नाम वाले एबी-एचडब्ल्यूसी की नई टैगलाइन ‘आरोग्यम परमं धनम् ‘ होगी।

हरदीप पुरी ने वाराणसी में दूसरे फ्लोटिंग CNG स्टेशन का उद्घाटन किया

  • पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने वाराणसी के रविदास घाट पर फ्लोटिंग कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) मोबाइल रिफ्यूलिंग यूनिट (MRU) स्टेशन का उद्घाटन किया।
  • नमो घाट CNG स्टेशन के बाद यह नौकाओं में CNG भरने के लिये समर्पित देश का दूसरा स्टेशन है।
  • दोनों स्टेशनों को गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है, जो पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तहत एक महारत्न PSU है।

महारत्न PSU

  • केंद्र सरकार द्वारा 2010 में मेगा सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज़ (CPSE) के लिये महारत्न व्यवस्था की घोषणा की गई थी।
  • "महारत्न" का दर्जा उस कंपनी को दिया जाता है जिसने लगातार तीन वर्षों तक 5,000 करोड़ रुपए से अधिक का शुद्ध लाभ दर्ज किया हो, तीन वर्षों के लिये औसत वार्षिक कारोबार 25,000 करोड़ रुपए या तीन वर्षों के लिये औसत वार्षिक शुद्ध संपत्ति 15,000 करोड़ रुपए होनी चाहिये। इसका वैश्विक संचालन या पदचिह्न भी होना चाहिये।
  • हाल ही में ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (REC) को 'महारत्न' केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उद्यम (CPSE) का दर्जा दिया गया है।
  • REC एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) है, जिसे 1969 में स्थापित किया गया था, जो पूरे भारत में पावर सेक्टर फाइनेंसिंग और विकास पर ध्यान केंद्रित करती है।
  • यह विद्युत मंत्रालय के दायरे में आता है।