23-May-2025

मिशन LiFE

पर्यावरण और पारिस्थितिकी

चर्चा में क्यों? 

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) संधारणीय जीवन शैली को बढ़ावा देने और वैयक्तिक पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित कर जलवायु कार्रवाई में सुधार करने के लिये मिशन LiFE (लाइफस्टाइल फॉर द एनवायरनमेंट) को राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन कार्य योजना (NAPCC) के साथ संयोजित करेगा। 

मिशन LiFE

  • COP26 (2021) में भारत द्वारा शुरू किये गए मिशन LiFE का उद्देश्य वैयक्तिक और सामुदायिक कार्रवाई के माध्यम से "उपयोग-और-निपटान" मॉडल से एक सर्कुलर इकोनॉमी की और संक्रमण  करना है। 
  • इसका समन्वय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEF&CC) द्वारा किया जाता है। 
  • इसके अंतर्गत दैनिक जीवन में संधारणीय जीवनचर्या अपनाने के लिये जन आंदोलन को बढ़ावा दिया जाना शामिल है। 
  • इसमें वैश्विक सहयोग और परंपरागत जलवायु-अनुकूल प्रथाओं के एकीकरण पर बल दिया जाता है। 

NAPCC 

  • NAPCC को वर्ष 2008 में जलवायु परिवर्तन शमन और अनुकूलन के लिये भारत की व्यापक रणनीति के रूप में शुरू किया गया था। 
  • इसमें विभिन्न पर्यावरणीय चुनौतियों के निवारण से संबंधित 8 मुख्य मिशन शामिल हैं। 
  • इसके प्रमुख मिशनों में सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, जल, कृषि, वनाच्छादन और नगरीय संधारणीयता जैसे क्षेत्र शामिल हैं। 
  • इसके अतिरिक्त यह हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा और जलवायु ज्ञान एवं अनुसंधान को बढ़ावा देने का भी कार्य करता है।