21-May-2025

मिज़ोरम ने पूर्ण कार्यात्मक साक्षरता हासिल की

विविध

चर्चा में क्यों? 

20 मई 2025 को मिज़ोरम के मुख्यमंत्री श्री लालदुहोमा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि मिज़ोरम ने पूर्ण साक्षरता हासिल कर ली है। 

इस कार्यक्रम के बारे में

  • यह ऐतिहासिक घोषणा मिज़ोरम की शैक्षिक प्रगति में एक महत्त्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिससे वह पूर्ण साक्षरता प्राप्त करने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है।
  • इसकी घोषणा एक विशेष समारोह में की गई, जो राज्य की राजधानी आइज़ोल स्थित मिज़ोरम विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित हुआ।

मिज़ोरम 

  • मिज़ोरम 20 फरवरी 1987 को एक राज्य बना। 
  • 2011 की जनगणना के अनुसार, इसकी साक्षरता दर 91.33% थी, जो भारत में तीसरे स्थान पर थी। 
  • पूर्ण साक्षरता प्राप्त करने के लिये, राज्य ने ULLAS - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (New India Literacy Programme) को क्रियान्वित किया, जिसका उद्देश्य शेष गैर-साक्षर आबादी को शिक्षित करना है।

उल्लास  (ULLAS) योजना 

  • वर्ष 2022 में शुरू की गई और वर्ष 2027 तक चलने वाली उल्लास योजना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप एक केंद्र प्रायोजित कार्यक्रम है। 
  • यह 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के वयस्कों पर केंद्रित है, जिन्होंने औपचारिक स्कूली शिक्षा नहीं ली है और इसमें आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता, महत्त्वपूर्ण जीवन कौशल, बुनियादी शिक्षा, व्यावसायिक कौशल और सतत् शिक्षा जैसे घटक शामिल हैं। 
  • उल्लास का दृष्टिकोण स्वैच्छिकता और कर्त्तव्य बोध पर आधारित "भारत जन जन साक्षर" (प्रत्येक नागरिक को साक्षर) बनाना है।