12 जनवरी, 2024

करेंट अफेयर्स


    No Tags Found!
 12-Jan-2024

शील वर्धन सिंह ने UPSC सदस्यता ग्रहण की

  • केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के पूर्व महानिदेशक शील वर्धन सिंह को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के सदस्य के रूप में नामित किया गया है।
  • वह वर्ष 1986 बैच के IPS अधिकारी हैं।
  • राष्ट्रपति ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 316 (11) के तहत शील वर्धन सिंह को UPSC सदस्य के रूप में नियुक्त किया।

इंदौर, सूरत सबसे स्वच्छ शहर, महाराष्ट्र सबसे स्वच्छ राज्य

  • इंदौर और सूरत को संयुक्त रूप से सबसे स्वच्छ शहर पुरस्कार का विजेता घोषित किया गया, जबकि शहरी क्षेत्रों के लिये केंद्र सरकार की वार्षिक स्वच्छता रैंकिंग में महाराष्ट्र ने राज्यों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
  • स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों में इंदौर ने लगातार सात वर्षों से सबसे स्वच्छ शहर का खिताब बरकरार रखा है।
  • सूरत, जिसने पिछले तीन वर्षों से लगातार इंदौर के बाद दूसरा स्थान हासिल किया था, ने पहली बार शीर्ष पुरस्कार जीता।
  • आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 डैशबोर्ड के अनुसार, दोनों शहरों ने 100% अपशिष्ट का घर-घर संग्रह, स्रोत स्थल पर 98% पृथक्करण और डंपसाइटों का 100% उपचार हासिल किया।

राष्ट्रीय युवा दिवस 2024

  • स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं और सिद्धांतों को श्रद्धांजलि देने के लिये भारत प्रतिवर्ष 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाता है।
  • वह एक प्रख्यात दार्शनिक और आध्यात्मिक नेता थे जिनका जन्म 12 जनवरी, 1863 को कोलकाता में हुआ था।
  • विवेकानंद के जन्मदिन को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में नामित करने का संकल्प वर्ष 1984 में किया गया था, जिसका पहला उत्सव 12 जनवरी, 1985 को हुआ था।

रिदम सांगवान ने 2024 पेरिस खेलों के लिये 16वाँ ओलंपिक कोटा हासिल किया

  • जकार्ता, इंडोनेशिया में आयोजित एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप 2024 में रिदम सांगवान ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्द्धा में काँस्य पदक जीतकर महत्त्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की, जिससे भारत के लिये प्रतिष्ठित पेरिस 2024 ओलंपिक कोटा हासिल हुआ।
  • इस उपलब्धि ने न केवल भारत की पदक तालिका में इज़ाफा किया बल्कि आगामी ओलंपिक के लिये 16वाँ निशानेबाज़ी कोटा भी हासिल कर लिया।
  • यह टोक्यो 2020 खेलों के लिये निर्धारित 15 कोटा के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देता है, जो प्रतिस्पर्द्धी शूटिंग के क्षेत्र में देश की बढ़ती शक्ति को दर्शाता है।

अमेरिका-ब्रिटेन का यमन में हूती विद्रोहियों पर बड़ा हवाई हमला

  • तेल समृद्ध पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच ब्रिटेन सहित संयुक्त राज्य अमेरिका समर्थित गठबंधन ने यमन में हूती विद्रोहियों पर हवाई हमले शुरू किये।
  • हूती द्वारा लाल सागर में किये गए हमलों की एक शृंखला के जवाब में अमेरिका और ब्रिटेन ने यमन में हवाई हमले शुरू किये, जिससे वाणिज्यिक शिपिंग बाधित हो गई।
  • विशेष रूप से गाज़ा में बेंजामिन नेतन्याहू के इज़राइल और हमास लड़ाकों के बीच युद्ध से होने वाले नुकसान को अमेरिका द्वारा बार-बार चिह्नित किया गया था जब तेल अवीव ने घनी आबादी वाले गाज़ा पट्टी में निरंतर हवाई हमले का अभियान शुरू किया था।