28-May-2025
भारत की पहली जीन संपादित भेड़
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
चर्चा में क्यों?
शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (SKUAST), श्रीनगर के शोधकर्त्ताओं ने सफलतापूर्वक भारत की पहली जीन-संपादित भेड़ विकसित की है।
जीनोम संपादन (एडिटिंग) क्या है?
- जीनोम संपादन एक ऐसी प्रौद्योगिकी है, जो वैज्ञानिकों को किसी जीव के DNA में विशिष्ट भागों को जोड़ने, हटाने अथवा परिवर्तित करने के माध्यम से उसमें बदलाव करने की अनुमति देती है।
- उन्नत क्लस्टर्ड रेगुलरली इंटरस्पेस्ड पैलिंड्रोमिक रिपीट (CRISPR) प्रणाली संपादन के लिये जीनोम में सटीक स्थानों को लक्षित करने में मदद करती है।
- जीनोम संपादन का उपयोग पौधों के प्रजनन में फसलों में वांछित गुण जोड़ने के लिये किया जाता है।
- इसे तीन प्रकारों में वर्गीकृत किया गया है: साइट डायरेक्टेड न्यूक्लिऐस (SDN) 1, SDN 2 और SDN 3।
- SDN 1 और SDN 2, बिना किसी विदेशी DNA को जोड़े, छोटे परिवर्तन करते हैं और पारंपरिक प्रजनन के समान हैं।
- SDN 3 में बड़े विदेशी जीनों को सम्मिलित किया जाता है, जिससे यह आनुवंशिक रूप से संशोधित जीवों (GMO) के समान हो जाता है।